Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल का फोन टेपिंग का आरोप

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि उनका फोन टेप किया जा रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को है। यह आरोप लगाने के बाद राहुल ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को बहस की चुनौती दी। पिछले करीब दो हफ्ते में राहुल ने सातवीं बार प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती दी है। दूसरी ओर भाजपा का कहना है कि राहुल संसद में बहस करने से भाग रहे हैं।

बहरहाल, राहुल गांधी शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी’ सेशन के दौरान युवाओं के सवालों के जवाब दिए। इसी क्रम में राहुल ने अपना फोन टेप किए जाने का आरोप भी लगाया और साथ ही अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए कहा कि इसमें विदेश फंडिंग के सबूत हैं। गौरतलब है कि भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए राहुल ने दावा किया है कि उनके पास सबूत हैं, जिनके आधार पर वे साबित कर देंगे कि मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हैं और उसी मदद से अभी तक बने हुए हैं।

राहुल विदेशी फंडिंग की पोल खोलने का दावा करने के साथ ही बहस की चुनौती दी और कहा, ‘मेरे साथ आमने सामने की बातचीत के बाद मोदी पीएम पद पर नहीं रहेंगे’। असल में सेशन के दौरान एक यूजर ने राहुल से विदेशी फंडिंग की पोल खोलने वाले सबूत के बारे में पूछा था। इसका जवाब देते हुए राहुल ने कहा, ‘मेरे फोन में ही सभी आरोपों के सबूत हैं। वन ऑन वन डिबेट से यह साबित हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है, देश विरोधी कौन है और कब से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है’। राहुल ने यह भी कहा कि ऐसी कई दूसरी जानकारियां उनके पास हैं।

एक यूजर ने यह भी पूछा कि संसद में बहस की बजाय राहुल जनता के बीच बहस करने पर क्यों अड़े हैं? इसके जवाब में राहुल ने कहा, ‘संसद में कई मुद्दों पर बोलने की कोशिश की, लेकिन मेरा माइक बंद कर दिया जाता है। मुझे किसान कानून, वोट चोरी, सावरकर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एप्स्टीन से जुड़े मुद्दों पर बोलने नहीं दिया गया। मैं संसद में होने वाली भाषणबाजी नहीं, बल्कि पीएम मोदी के साथ आमने सामने की बहस चाहता हूं’।

राहुल ने आगे कहा, ‘एक टेबल के एक तरफ नरेंद्र मोदी हों और दूसरी तरफ मैं। वे मुझ पर आरोप लगाएं और मैं उन पर। भाजपा अडानी और मोहन भागवत को जज बनाना चाहती है, तो उन्हें इससे भी कोई दिक्कत नहीं है। मैं गारंटी देता हूं कि आमने सामने बहस के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे’।

Exit mobile version