Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली, एनसीआर में बारिश, ठंड ने दी दस्तक

नई दिल्ली। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई इलाकों में सोमवार की सुबह तेज बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट आई है। दिल्ली और एनसीआर में इस बारिश के साथ ही ठंड ने दस्तक दे दी है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की ओर से आने वाले मौसमी सिस्टम के कारण बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान के ऊपर बना सिस्टम भारत में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश तक फैला है।

बहरहाल, सोमवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद और अलीगढ़ सहित पांच शहरों में बारिश हुई। लखनऊ में लगातार 15वें दिन भी बाढ़ का असर है। इससे 40 हजार से ज्यादा घर प्रभावित हैं। राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में बारिश हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया। उत्तराखंड के केदारनाथ और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बारिश, बर्फबारी हुई। नैनीताल में भारी ओले गिरे। हिमाचल प्रदेश के मनाली, चंबा और लाहौल स्पीति में बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। इससे पारा गिरा और ठंड बढ़ी है।

Exit mobile version