Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उत्तर भारत में बारिश और पहाडों पर बर्फबारी

Cold Wave Alert Snowfall

नई दिल्ली। पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश में सीजन की पहली बर्फ गिरी है। उत्तराखंड के गंगोत्री से लेकर केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पर भारी बर्फबारी हुई है। केदारनाथ धाम का मंदिर बर्फ से ढक गया है। जम्मू कश्मीर में भी कई जिलों में लगातार बर्फ गिर रही है। इस बीच उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शुक्रवार को पूरे दिन बारिश होती रही। बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदला है और राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में गुरुवार देर रात से बारिश हो रही है। तेज हवाएं भी चल रही हैं, जिससे ठंड बढ़ी है।

उधर हिमालय के पहाड़ी राज्यों में भी बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल के शिमला व मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे साढ़े तीन महीने से चल रहा सूखा खत्म हो गया है। जम्मू कश्मीर के मैदानी और पहाड़ी जिलों की बात करें तो श्रीनगर हवाईअड्डे पर चार इंच तक बर्फ जम गई है, इसके कारण शुक्रवार की सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। श्रीनगर-जम्मू हाईवे भी बंद है।

जम्मू कश्मीर में हो रही भारी बर्फबारी की वजह से अधिकारियों ने मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में 23 सौ मीटर से ऊपर खतरनाक स्तर के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, रामबन और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा सहित जिलों में ढाई हजार मीटर से ऊपर इसी तरह के हिमस्खलन की चातवनी दी है। नवयुग सुरंग के पास ट्रैफिक रोक दिया गया है। मुगल, सिंथन रोड भी बंद हैं। कटरा में बर्फबारी के कारण वैष्णो देवी यात्रा रोक दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 26 जनवरी को दूसरा बहुत मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे उत्तर भारत के नौ राज्यों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो सकती है।

Exit mobile version