नई दिल्ली। उत्तर भारत के राज्यों में भारी गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना है। मंगलवार को मानसून उत्तर भारत के कई राज्यों में प्रवेश कर गया है और अगले चार दिन तक बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को मानसून उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख पहुंचा। अगले तीन दिन में मानसून के दिल्ली पहुंचने की भी खबर है।
बताया गया है कि देश में मानसून अब तक 26 राज्यों को कवर कर चुका है। इससे पहले 24 जून को मध्य प्रदेश और गुजरात में मानसून की एंट्री हुई थी। इसके बाद यह छह दिन तक अटका रहा। इस बीच दिल्ली और उत्तर भारत के सभी राज्यों के लिए राहत की खबर आ रही है। सेटेलाइट तस्वीरों में करीब डेढ़ हजार किलोमीटर लंबी मानसून की कम दबाव की पट्टी बनती हुई दिखाई दी है। यह उत्तरी बंगाल की खाड़ी से लेकर जम्मू कश्मीर तक फैली हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की पट्टी बन चुकी है, लेकिन फिलहाल यह हिमालय की तलहटी के करीब स्थित है। यह धीरे धीरे दक्षिण की ओर अपनी सामान्य स्थिति में पहुंचेगी, उत्तर भारत में बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा और जम्मू कश्मीर एक से चार जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है। उधर अरुणाचल प्रदेश और असम के कई हिस्सों में लगातार बारिश की वजह से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। अरुणाचल के इलाकों में बारिश और बाढ़ से हाईवे बंद हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।
