नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने परमाणु हमले की धमकी दी थी। उन्होंने यह भी कहा है कि भारत लंबी लड़ाई के लिए तैयार है। एक वीडियो न्यूज एजेंसी के कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि भारत ने इस ऑपरेशन को अपनी मर्जी और अपनी शर्तों पर रोका था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो देश पाकिस्तान के खिलाफ लंबी लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार है।
राजनाथ सिंह ने रक्षा सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान की तरफ से परमाणु हमले की धमकी दी गई थी, लेकिन भारत इससे नहीं डरा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की सर्ज कैपेसिटी यानी अचानक ताकत बढ़ाने की क्षमता पहले से ज्यादा मजबूत है। उन्होंने पाकिस्तान को निशाना बनाते हुए कहा, ‘भारत आज इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी यानी आईटी के लिए जाना जाता है जबकि पाकिस्तान को दूसरी आईटी यानी इंटरनेशनल टेररिज्म का केंद्र माना जाता है’।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक टर्निंग पॉइंट था, जिसने दुनिया को दिखाया कि भारत अब सिर्फ बयान देने वाला देश नहीं है, बल्कि सीधे कार्रवाई करता है। राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार की नीति साफ है। देश में किसी भी आतंकी हमले को बरदाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सख्त और सीधी कार्रवाई की जाएगी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद की जड़ उसकी विचारधारा और राजनीतिक समर्थन में होती है। इसे खत्म किए बिना आतंकवाद पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता। रक्षा मंत्री ने बताया कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। ऑपरेशन सात मई 2025 को शुरू हुआ था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में नौ बड़े लॉन्चपैड नष्ट किए थे और एक सौ से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया गया था।
