Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली सहित कई राज्यों में गरमी से राहत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर और दूसरे कई राज्यों में अचानक मौसम बदलने से गरमी से राहत मिली है। दिल्ली और एनसीआर में धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलीं। साथ ही शाम में कई इलाकों में तेज बारिश भी शुरू हो गई।  दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। दिल्ली और एनसीआर के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम बारिश देखने को मिली।

इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। मध्य भारत में चल रही हीटवेव कमजोर पड़ चुकी है और बाकी इलाकों में भी जल्दी राहत मिलने की संभावना है। 31 मई को भी उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस तरह दिल्ली और एनसीआर के साथ साथ पूरे उत्तर भारत में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। इस बदलाव का सबसे बड़ा असर तापमान पर पड़ रहा है, जो अभी करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

इस बीच शनिवार को राजस्थान के पांच जिलों श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर में शनिवार दोपहर रेतीला तूफान आया। इसके कारण करीब दो सौ वर्ग किलोमीटर का इलाका प्रभावित हुआ। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर के रेतीले तूफान की शुरुआत हुई। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। धूल का गुबार 80 से एक सौ फीट ऊंचा था। तूफान के असर से कई पेड़ उखड़ गए, लाइट पोल टूट गए। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान से उठे तूफान का असर राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों पर हुआ है।

Exit mobile version