नई दिल्ली। ममता बनर्जी की पार्टी के राज्यसभा सांसदों के इस्तीफा देने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के दो और सांसदों ने इस्तीफा दे दिया। ममता ने दो महीने पहले अप्रैल में फिल्म अभिनेत्री कोयल मल्लिक को राज्यसभा भेजा था। उन्होंने भी इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ ही प्रकाश चिक बराइक ने भी इस्तीफा दिया है। इससे पहले सुखेंदु शेखऱ रे और सुष्मिता देब ने इस्तीफा दिया था। गौरतलब है कि राज्यसभा में ममता बनर्जी के 13 सांसद हैं, जिनमें से चार का इस्तीफा हो गया है।
सुष्मिता देब ने 10 जून को इस्तीफी दिया था तो उससे दो दिन पहले आठ जून को सुखेंदु शेखर रे ने राज्यसभा सदस्यता और पार्टी छोड़ी थी। उधर लोकसभा में पहले ही पार्टी बिखर रही है। तृणमूल कांग्रेस की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया था कि 20 लोकसभा सांसद अलग गुट बना चुके हैं। इस बीच ममता बनर्जी की पार्टी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वे ममता बनर्जी के साथ हैं और पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं।
बहरहाल, राज्यसभा से इस्तीफा देते हुए प्रकाश चिक बराइक ने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में लोगों का फैसला भाजपा के पक्ष में था। पार्टी ने वहां सरकार बनाई। मेरे अपने चुनाव क्षेत्र में हम एक भी सीट नहीं जीत पाए’। उन्होंने आगे कहा, ‘उत्तर बंगाल में भी नतीजे अच्छे नहीं रहे। इस जनादेश को देखते हुए मुझे लगा कि अब मेरे पद पर बने रहना ठीक नहीं है। इसलिए, मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। आगे इंतजार कीजिए, समय के साथ सब सामने आएगा। मैं अभी बूढ़ा नहीं हूं। भविष्य में मैं क्या करूंगा, यह समय ही तय करेगा’।
