नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के सह संयोजक और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास के पासपोर्ट इस्तेमाल करने पर सरकार ने रोक लगा दी है। बुधवार को विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले सौरव दास को लंदन जाने के क्रम में नई दिल्ली हवाईअड्डे पर रोक दिया गया था। उनका कहना है कि उनके रवाना होने से पांच घंटे पहले उनको एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें जन्मस्थान को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
इस पर विवाद बढ़ने के बाद बुधवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘उनके पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है’। असल में चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उनसे सात दिन में जवाब देने को कहा गया है। जवाब देने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
इस बीच सौरव दास बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे। उन्होंने विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उनके वकील ने बुधवार को कार्यवाहक चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने जल्दी सुनवाई की मांग की है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए सौरव दास ने बताया, ‘मुझे कॉकरोच मूवमेंट पर बोलने के लिए यूके जाना था। 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात एक बजे की फ्लाइट थी, लेकिन मुझे इसमें जाने नहीं दिया गया। इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया था’।
उन्होंने बताया इमिग्रेशन काउंटर पर पहुंचने के बाद उनसे कहा गया कि वे अपना ईमेल चेक करें। उसमें उनको एक नोटिस मिला, जिसमें जन्मस्थान को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। सौरव ने बताया कि उनको ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे। हालांकि, आधिकारिक जानकारी के मुताबिक एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है। इसमें सौरव को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है। यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
विवाद बढ़ने के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सौरव दास का समर्थन किया है। दीपके ने कहा, ‘जब वे एयरपोर्ट पर थे, तब उन्हें इमिग्रेशन पर रोक दिया गया। उनसे कहा गया कि वे भारत से बाहर नहीं जा सकते। मुझे समझ नहीं आता कि ऐसा क्यों किया गया। अगर दास ने कोई धोखाधड़ी या घोटाला किया होता, तब भी उन्हें एयरपोर्ट पर इस तरह नहीं रोका जाता। ये सभी बहाने हैं’।
