Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

खुदरा महंगाई लगातार 11वें महीने बढ़ी

Retail Inflation

नई दिल्ली। खुदरा महंगाई की दर में सितंबर के महीने में भी बढ़ोतरी हुई है। लगातार 11वें महीने खुदरा महंगाई की दर बढ़ी है। अगस्त के मुकाबले सितंबर में खुदरा महंगाई दर में 0.72 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। अगस्त में खुदरा महंगाई की दर 4.82 फीसदी थी, जो सितंबर में बढ़ कर 5.54 फीसदी पहुंच गई। सब्जियों और खाने पीने की अन्य चीजों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी की वजह से खुदरा महंगाई की दर बढ़ी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक खाने पीने की चीजों की महंगाई 5.97 से बढ़कर 7.74 फीसदी हो गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक शहरी महंगाई 4.31 से बढ़कर 4.88 हो गई है, जबकि गांवों की महंगाई दर 5.24 से बढ़कर 6.08 फीसदी पर पहुंच गई है।

जानकारों का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव से आपूर्ति शृंखला प्रभावित होने का असर हर चीज की कीमत पर पड़ा है। इस वजह से महंगाई लगातार 11वें महीने बढ़ी है। गौरतलब है कि महंगाई पर काबू करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने इसी महीने ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। 44 महीने के बाद आरबीआई ने पहली बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। आरबीआई ने साफ कर दिया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले समय में ब्याज दरों में कटौती की कोई संभावना नहीं है। बैंक की आगे की नीति या तो ब्याज दरें बढ़ाने की होगी या फिर इन्हें इसी स्तर पर बरकरार रखा जाएगा।

Exit mobile version