Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

रेवंत रेड्डी को नहीं मिली अमेरिका जाने की मंजूरी

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को अमेरिका जाने की मंजूरी नहीं मिली है। केंद्र सरकार ने उनकी अमेरिका यात्रा को मंजूरी नहीं दी। मुख्यमंत्री कार्यालय यानी सीएमओ की ओर से शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गई। सीएमओ की ओर से बताया गया कि, रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाला तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल अमेरिका दौरा नहीं कर सकेगा। विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक आधार पर मंजूरी देने से इनकार किया है।

गौरतलब है कि रेवंत रेड्डी पहले ब्रिटेन के दौरे पर गए थे। वे अभी लंदन में हैं। उन्हें अमेरिका के बोस्टन जाना था और 30 अगस्त को हैदराबाद लौटना था, लेकिन अब वे 23 अगस्त को सीधे हैदराबाद लौटेंगे। केंद्र से मंजूरी नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को अमेरिका जाए बिना वहां के संस्थानों के साथ सभी एमओयू और साझेदारी समझौते पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

इससे पहले रेवंत रेड्डी 20 अगस्त को लंदन पहुंचे थे। इसे दौरे में ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और लंदन बिजनेस स्कूल के कार्यक्रम शामिल थे। इसके बाद 24 अगस्त को अमेरिका में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और एमआईटी जाने का कार्यक्रम था। उनको न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के यूएस चैप्टर के कार्यक्रम में भी शामिल होना था। राज्य सरकार ने नियमों के मुताबिक ब्रिटेन और अमेरिका दौरे के लिए केंद्र से मंजूरी मांगी थी, लेकिन केवल ब्रिटेन दौरे को मंजूरी मिली। बताया गया है कि रेवंत रेड्डी के ब्रिटेन पहुंचने के बाद केंद्र ने अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं देने की जानकारी दी।

Exit mobile version