कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में बलात्कार के बाद मार डाली गई जूनियर डॉक्टर की मां को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने बुधवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। इसमें 19 नाम शामिल हैं। इस सूची में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप, मर्डर केस की पीड़ित की मां को पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को मैनागुड़ी में एक रैली के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल को खत्म करना चाहती है और राज्य को बिहार में मिलाने की योजना बना रही है। ममता ने दावा किया कि उन्होंने उत्तरी बंगाल के बंटवारे की कोशिश को रोक दिया है और इस मुद्दे पर पहले ही आवाज उठा चुकी हैं। ममता ने केंद्र सरकार और भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह पश्चिम बंगाल राज्य को ही समाप्त करना चाहती है।
