नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जंग तेज हो गई है। यूक्रेन की ओर से किए गए भीषण ड्रोन हमले का जवाब देते हुए रूस ने उसके कई शहरों पर मिसाइलें दागी हैं। रूस ने शनिवार की देर रात को यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर मिसाइल हमला किया। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 13 कर्मचारी व ठेकेदार घायल हुए हैं। यह यूक्रेन का सबसे बड़ा स्टील प्लांट है।
बताया जा रहा है कि हमले के बाद प्लांट में प्रोडक्शन का कुछ काम रोकना पड़ा। प्लांट की ऊर्जा व्यवस्था और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े अहम हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। रूसी मिलाइल हमले के बाद राहत व बचाव की टीमें पहुंचीं। गौरतलब है कि इस प्लांट पर रूस पहले भी हमला कर चुका है। 2022 में भी रूस ने मिसाइल से हमला किया था, जिसमें प्लांट की एक रोलिंग मिल नष्ट हो गई थी और एक कर्मचारी की मौत हुई थी।
इसके जवाब में यूक्रेन ने फिर से रूस की राजधानी मॉस्को और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव के मुताबिक, हमले में 83 साल के एक व्यक्ति की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। हमले में रूस की बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक वेयरहाउस में भी आग लग गई। यह जगह मॉस्को से करीब 45 किलोमीटर दूर है। यूक्रेनी सेना ने दावा किया कि उसने रूस के रोस्तोव क्षेत्र में मिसाइल ईंधन बनाने वाली एक फैक्ट्री को भी निशाना बनाया। इससे पहले यूक्रेन ने पिछले हफ्ते कई सौ मिसाइलों से एक साथ रूस पर हमला किया था, जिसमें कई लोग मारे गए थे।
