Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

रूस ने अपना विशेष विमान ईरान भेजा

नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका की ओर से नए सिरे से शुरू हुए हमले के बाद खबर है कि रूस ने अपना एक विशेष विमान ईरान भेजा है। यह बेहद सुरक्षित विमाना है और इसे डूम्ड डे प्लेन यानी कयामत के दिन उड़ने वाला विमान कहा जाता है। यह उड़ता हुआ कमांड सेंटर है, जिसका इस्तेमाल रूस का शीर्ष नेतृत्व करता है। दुनिया भर में उड़ रहे विमानों की रियल टाइम लोकेशन दिखाने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार24 ने दावा किया है कि टीयू 214पीयू ईरान पहुंचा है।

यह कोई सामान्य वीआईपी प्लेन नहीं है। इसमें सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम और स्पेशल डेटा लिंक लगे हैं। कहा जाता है कि किसी भी संकट की स्थिति में रूस के शीर्ष नेता उड़ान भरते हुए सेना और सरकार का संचालन कर सकते हैं। यह विमान रशिया स्पेशल फ्लाइट स्क्वाड्रन संचालित करता है। यही स्क्वाड्रन रूस के राष्ट्रपति और देश के शीर्ष राजनीतिक व सैन्य नेतृत्व की उड़ानों का जिम्मा संभालता है।

इस विमान के उड़ान का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया जाता। यह भी पता नहीं है कि रूस के पास ऐसे कितने विमान हैं। बहरहाल, रूस का यह विमान ऐसे समय तेहरान पहुंचा है, जब अमेरिका ईरान के सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है और ईरान जवाबी कार्रवाई कर रहा है। माना जा रहा है कि रूस ने एक बड़ा रणनीतिक संकेत दिया है। उसने अमेरिका को बताया है कि ईरान के साथ उसके सामरिक और रणनीतिक संबंध हैं। इसका यह भी संकेत है कि रूस ईरान की मदद कर रहा है।

Exit mobile version