Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सम्राट चौधरी को मिला गृह विभाग

Patna, Mar 25 (ANI): Bihar Deputy Chief Minister Samrat Chaudhary speaks to the media regarding reservation in the state, outside the State Assembly in Patna on Tuesday. (ANI Photo)

बिहार मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे में पहली बार भाजपा के किसी नेता को गृह विभाग दिया गया है।

पटना, भाषा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा किया, जिसके तहत उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गृह विभाग का कार्यभार सौंपा गया है। बिहार में पहली बार भाजपा के किसी नेता को गृह विभाग दिया गया है। नीतिश कुमार ने सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी), कैबिनेट सचिवालय, निगरानी और चुनाव विभाग अपने पास रखे हैं।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के बाद गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में कुमार ने रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ 26 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। यह पहला अवसर है जब उनके कार्यकाल में गृह विभाग उनके पास नहीं रहेगा। इससे पहले उनके सभी कार्यकाल में यह विभाग उन्हीं के पास रहा है।

भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) समेत विभिन्न दलों के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में गृह विभाग को लेकर खींचातान चल रही थी। अब उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

कैबिनेट विभाग की अधिसूचना के अनुसार, भाजपा कोटे से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को भूमि एवं राजस्व विभाग और खान एवं भू-तत्व विभाग दिया गया है। मंगल पांडे को स्वास्थ्य और विधि विभाग, दिलीप जायसवाल को उद्योग विभाग, नितिन नवीन को पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा, रामकृपाल यादव को कृषि विभाग, संजय टाइगर को श्रम संसाधन विभाग, अरुण शंकर प्रसाद को पर्यटन तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की जिम्मेदारी मिली है। सुरेंद्र मेहता को पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, नारायण प्रसाद को आपदा प्रबंधन विभाग, रमा निषाद को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और लखेन्द्र पासवान को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग सौंपा गया है।

वहीं, श्रेयसी सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी तथा खेल विभाग की जिम्मेदारी मिली है, जबकि प्रमोद चंद्रवंशी को सहकारिता और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग दिया गया है। जदयू कोटे से विजय चौधरी को जल संसाधन, भवन निर्माण और संसदीय कार्य विभाग, जबकि बिजेंद्र यादव को वित्त, वाणिज्यकर, ऊर्जा और योजना एवं विकास विभाग सौंपा गया है। बिजेंद्र यादव राज्य कैबिनेट के सबसे उम्रदराज मंत्री हैं।

श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, अशोक चौधरी को ग्रामीण कार्य, लेशी सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, मदन सहनी को समाज कल्याण और जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

लोजपा (रामविलास) से संजय कुमार को गन्ना उद्योग विभाग और संजय सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का प्रभार मिला है। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग दिया गया है, जबकि जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) के संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन विभाग का मंत्री बनाया गया है।

Exit mobile version