Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

महागठबंधन में भी सीट बंटवारा तय नहीं

पटना। चुनाव की तारीखों का ऐलान हो जाने के बाद भी एनडीए में अगर सीट बंटवारा तय नहीं हुआ है तो विपक्षी महागठबंधन में भी पेंच फंसा हुआ है। यह पेंच कांग्रेस और वीआईपी के नेता मुकेश सहनी के कारण फंसा है। सीपीआई एमएल के नेता सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कह रहे हैं लेकिन वे पिछली बार की 19 के मुकाबले कम से कम 25 सीटों की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस 55 से 60 के बीच सीट के लिए अड़ी है तो मुकेश सहनी को 25 सीट और उप मुख्यमंत्री पद के दावेदार की घोषणा चाहिए।

इस बीच कांग्रेस ने बिहार के अपने नेताओं की एक बैठक दिल्ली में बुलाई है। बुधवार को यह बैठक होगी। कहा जा रहा है की सीटों की छंटनी को अंतिम रूप दिया जाएगा। हालांकि अभी तक राजद के साथ सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार तय कर रही है। कांग्रेस ने दबाव बढ़ाने के लिए यह भी कहा है कि अगर बुधवार तक सीट बंटवारा नहीं होता है तो कांग्रेस अपने उम्मीदवार घोषित कर सकती है।

जानकार सूत्रों का कहना है कि रविवार को तेजस्वी यादव के आवास पर हुई बैठक में सीटों पर मोटे तौर पर सहमति बन गई है। कुछ सीटों की अदलाबदली का मामला अटका है और सीएम व डिप्टी सीएम फेस की घोषणा को लेकर कुछ पेंच है। हालांकि मुकेश सहनी ने कहा है, ‘सीट शेयरिंग को लेकर इंटरनल सेटल है। कल शाम तक आप लोगों को निमंत्रण भेज देंगे। सीट शेयरिंग का ऐलान करेंगे। CM कौन होगा, डिप्टी CM कौन होगा सब साफ कर देंगे’। तभी बुधवार का दिन काफी अहम माना जा रहा है। हो सकता है कि दोनों गठबंधन कुछ बड़े फैसले का ऐलान करें। गौरतलब कि 10 अक्टूबर से पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी।

Exit mobile version