नई दिल्ली। भारत और फिनलैंड ने कई अहम समझौते किए हैं। भारत की चार दिन की यात्रा पर आए फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने अपनी यात्रा के दूसरे दिन गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोपक्षीय वार्ता की। स्टब बुधवार को चार दिन के भारत दौरे पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि इस दौरे का मकसद व्यापार, निवेश और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित कई क्षेत्रों में दोपक्षीय सहयोग को बढ़ाने का है। गुरुवार की बैठक में दोनों देशों ने डिजिटलाइजेशन और टिकाऊ विकास के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
भारत और फिनलैंड ने दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक आगे बढ़ाने पर चर्चा की। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 6जी टेलीकॉम, स्वच्छ ऊर्जा और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे हाई टेक क्षेत्रों में सहयोग से दोनों देश आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोप के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करेगा।
फिनलैंड के राष्ट्रपति स्टब ने भारत की विदेश नीति और आर्थिक प्रगति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि दुनिया को थोड़ा और भारतीय बनने की जरूरत है। राष्ट्रपति स्टब ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे प्रभावशाली देशों में से एक है। यूरोप के लिए भारत एक अहम रणनीतिक साझेदार बन चुका है।
