Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी को सेशेल्स का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘गार्जियन ऑफ ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होने गए है। 29 जून को होने वाले राष्ट्रीय दिवस कार्यक्रम से एक दिन पहले रविवार को मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिला। इस सम्मान के साथ मोदी को अब तक 34 देशों का सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिल चुका है।

सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी का आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित किया। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा, ‘सेशेल्स से भारत का रिश्ता सिर्फ 50 साल पुराना नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत अगस्त 1770 में हुई थी। जब ‘थेलेमाक’ जहाज से यहां पांच भारतीय पहुंचे थे’।

मोदी ने अपने भाषण में कहा, ‘जब लोग दुनिया का नक्शा देखते हैं, तो उन्हें सेशेल्स हिंद महासागर में बसे कुछ छोटे छोटे द्वीपों का एक समूह दिखाई देता है। लेकिन हमारे लिए सेशेल्स सिर्फ द्वीपों का समूह नहीं, बल्कि इससे कहीं बढ़ कर है’। बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी को सेशेल्स का सर्वोच्च नागरिक सम्मान पर्यावरण की रक्षा, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला करने और लंबे समय तक पर्यावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में किए गए काम के लिए मिला है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार, 29 जून को सेशल्स की आजादी के 50 साल पूरे होने पर राष्ट्रीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस मौके पर भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस तरकश और हाइड्रोग्राफिक सर्वे शिप आईएनएस इक्षक भी परेड और समारोह का हिस्सा बनेंगे। इस बीच दोपक्षीय वार्ता में भारत ने सेशल्स के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब साढ़े 16 सौ करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। इसके अलावा भारत ने सेशेल्स को भारत में बना फास्ट पेट्रोल वेसल ‘पीएस लेस्पवार’ गिफ्ट किया।

Exit mobile version