Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

होर्मुज की खाड़ी से जहाजों की आवाजाही रूकी है

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम की घोषणा के 48 घंटे बाद भी होर्मुज की खाड़ी से तेल व गैस के टैंकर और मालवाहक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही शुरू नहीं हुई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार की शाम तक जहाजों की आवाजाही लगभग रुकी हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में सिर्फ एक तेल टैंकर और पांच मालवाहक जहाज ही वहां से गुजरे थे। यह भी कहा जा रहा है कि ईरान युद्धविराम की अवधि में जहाजों की आवाजाही सीमित रखना चाहता है।

इस बीच ईरान की इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने होर्मुज की खाड़ी से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक नया नक्शा जारी किया है। इसका मकसद जहाजों को समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगों से बचाना है। इस नए नक्शे में साफ तौर पर एक खतरनाक इलाका दिखाया गया है, जहां जहाजों को जाने से मना किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले जहाज आमतौर पर ओमान के किनारे के पास से गुजरते थे, लेकिन अब उन्हें सलाह दी गई है कि वे ईरान के किनारे के पास से गुजरें। इससे वे संभावित बारूदी सुरंगों वाले इलाकों से बच सकेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक जहाजों को यह भी कहा गया है कि वे सीधे ईरान के अधिकारियों से संपर्क में रहें, ताकि सुरक्षित तरीके से रास्ता तय किया जा सके।

Exit mobile version