Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सिद्धारमैया सीएम बने रहेंगे

नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी बदलाव नहीं करने जा रही है। मंगलवार को दिल्ली में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की पार्टी आलाकमान के साथ बैठक के बाद बताया गया है कि सिद्धारमैया मुख्यमंत्री बने रहेंगे। कांग्रेस की ओर से बताया गया कि मुख्यमंत्री को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। पार्टी ने बताया कि राज्य में होने वाले राज्यसभा चुनाव, ग्रेटर बेंगलुरू नगर निगम चुनाव और विधान परिषद चुनाव के साथ साथ संगठन को लेकर चर्चा हुई।

सिद्धारमैया और शिवकुमार को दिल्ली बुलाए जाने के बाद से इस पर चर्चा हो रही थी कि मुख्यमंत्री पद पर फैसला हो सकता है। हालांकि कांग्रेस ने सारी अटकलों को खारिज कर दिया है।

गौरतलब है कि कर्नाटक में ढाई साल के बाद सत्ता बदलने के कथित समझौते की वजह से शिवकुमार समर्थक पिछले साल से ही मुख्यमंत्री बदलने की मांग कर रहे हैं। लेकिन अब एक तरह से इस पर विराम लग गया है। मंगलवार की बैठक में सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यह मीटिंग सिर्फ राज्यसभा चुनाव पर चर्चा के लिए हुई।

मीडिया से बात करते हुए वेणुगोपाल और सुरजेवाला ने कर्नाटक मंत्रिमंडल में बदलाव पर एक शब्द भी नहीं बोला।  केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘आज राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ विस्तृत चर्चा हुई। राज्यसभा और एमएलसी चुनाव पर चर्चा हुई। बाकी अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है’। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि कैबिनेट विस्तार का एजेंडा चर्चा में नहीं आया। इसके बाद वे बेंगलुरु रवाना हो गए हैं।

इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में हुई बैठक की जानकारी देते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘आज हमारी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ एक विस्तृत बैठक हुई। इस चर्चा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कर्नाटक के प्रभारी महासचिव और मैं खुद शामिल थे। आज की पूरी चर्चा केवल आगामी राज्यसभा चुनावों और कर्नाटक के विधान परिषद चुनावों पर केंद्रित थी’।

Exit mobile version