नई दिल्ली। चार राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर का काम शुरू हो गया है। चुनाव आयोग ने तीसरे चरण में 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का ऐलान किया है। इसमें सबसे पहले ओड़िशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का तीसरा चरण शुरू हुआ है। इनमें से दो राज्यों मिजोरम और मणिपुर में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाला है।
चुनाव आयोग ने 14 मई को संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व कानून 1950 की धारा 21 के तहत 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर का आदेश दिया था। उसी आदेश के तहत अब ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में 30 मई से एसआईआर की शुरुआत हुई है। पहले चरण में बूथ लेवल अधिकारी यानी बीएलओ घर घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म देंगे और वेरिफिकेशन के बाद फॉर्म जमा कराएंगे।
आयोग ने कहा है कि 28 जून 2026 तक जिन लोगों के फॉर्म चुनाव पंजीकरण अधिकारी यानी ईआरओ को मिल जाएंगे, उनके नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। आयोग ने कहा है कि एसआईआर का सबसे बड़ा मकसद यह है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इस प्रक्रिया के तहत 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के मतदाता अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
