नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और पिछले करीब तीन दशक से भारत की राजनीति की एक महत्वपूर्ण हस्ती रहीं सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में अपने जीवन के कई ऐसे राज बताए हैं, जो अब तक किसी को पता नहीं थे। उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में बताया है तो अपने पहले बच्चे के बारे में भी, जिसका निधन जन्म लेने के चंद घंटे के बाद ही हो गया था। सोनिया ने भारत की राजनीति को प्रभावित करने वाली तमाम बड़ी घटनाओं पर भी अपना नजरिया पेश किया है।
मंगलवार, 10 नवंबर को उनकी यह किताब बिना की औपचारिक समारोह के रिलीज हो गई है और दुकानों पर मिलने लगी। सोनिया ने इस बहुप्रतीक्षित किताब के सात अध्याय के 544 पन्नों में अपनी राजीव गांधी से मिलने और भारत आने के बाद के हर घटनाक्रम के बारे में बताया है। हार्पर कॉलिन्स से छपी इस किताब के पहले संस्करण की एक लाख प्रतियां छपी हैं। किताब के कवर पर सोनिया की फोटो है, जो 1966 में राजीव गांधी ने खींची थी। सोनिया ने किताब बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते, पोतियों रेहान और मिराया के नाम समर्पित की है।
पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद नेहरू-गांधी परिवार की पहली व्यक्ति सोनिया गांधी हैं, जिन्होंने अपनी जीवनी लिखी है। इसलिए इस किताब की प्रतीक्षा की जा रही थी। इसमें सोनिया ने अपनी बीमारी के बारे में बताया है। उन्होंने कहा है कि पहले ब्रेस्ट कैंसर और फिर पैन्क्रियाज में ट्यूमर का पता लगा। सोनिया ने बेहद भावुक अंदाज में यह भी बताया कि पहला बच्चा समय से दो महीने पहले हुआ था और चंद घंटों के बाद ही चल बसा। राजीव और संजय गांधी बच्चे को दफनाने ले गए थे।
किताब के सात अध्याय में राजीव गांधी से मुलाकात, प्यार व शादी, भारत आना, इंदिरा के निधन के बाद राजीव का प्रधानमंत्री बनना और राजीव के निधन के बाद कांग्रेस का नेतृत्व करने का जिक्र है। किताब में 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलने के बावजूद ‘अंतरात्मा की आवाज’ पर प्रधानमंत्री न बनने के बारे में बताया गया है। इसमें उन्होंने यह भी बताया है कि राहुल और प्रियंका दोनों उनके प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थे।
सोनिया ने इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार से लेकर शाहबानो केस और गुजरात के दंगों पर अपनी राय बेबाकी से रखी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में भी अपनी राय रखी है। सोनिया ने कहा है कि मोदी के साथ उनके संबंध औपचारिक अभिवादनों से ज्यादा नहीं रहे। उन्होंने लिखा कि वे बिल्कुल अलग विचारधारा के प्रतिनिधि के तौर पऱ आए।
