Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ममता के मध्यस्थ नहीं हैं सौरव गांगुली

कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इस खबर का खंडन किया है कि उन्होंने ममता बनर्जी की ओर से यूसुफ पठान को बहरामपुर लोकसभा सीट छोड़ने का संदेश दिया था। गांगुली ने कहा है कि उन्होंने इस बारे में कोई बात नहीं की है और वे राजनीति से दूर रहने वाले व्यक्ति हैं। भारत के सर्वकालिक महान कप्तान सौरव गांगुली ने ‘आनंद बाजार पत्रिका’ की खबर का खंडन करते हुए मीडिया को संयम बरतने को सलाह दी।

खबर में दावा किया गया था कि ममता बनर्जी ने सौरव से कहा कि वे बहरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद यूसुफ पठान को सीट से इस्तीफा देने के लिए मनाएं, ताकि वे यहां से उपचुनाव लड़ सकें। गांगुली ने शनिवार को सभी मीडिया संस्थानों को एक चिट्ठी लिख कर कहा कि वे बिना सत्यता जाने खबर न छापें। मीडिया में आई खबर में कहा गया था कि यूसुफ पठान ने सीट छोड़ने से इनकार कर दिया।

इस खबर का खंडन करते हुए सौरव गांगुली ने लिखा, ‘ये सभी बातें पूरी तरह गलत हैं। ममता ने मुझे कभी भी यूसुफ तक कोई संदेश पहुंचाने के लिए नहीं कहा। न ही मैंने यूसुफ से इस तरह के किसी मैसेज को लेकर कभी संपर्क किया। मुझे राजनीति से कभी मतलब नहीं’। इसके बाद उन्होंने कहा कि मीडिया से अपील है कि तथ्यों को कन्फर्म किए बिना अफवाहों और अटकलों पर बनी खबरें नहीं प्रकाशित करें। उन्होंने कहा कि युसुफ पठान की जुड़ी खबर छापने से पहले आरोपों की सत्यता की जांच की जानी चाहिए थी।

Exit mobile version