लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया है। गुरुवार को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पांच साल के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया और कहा कि इस घोषणापत्र की योजनाओं को लागू करने में पांच लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे। अखिलेश ने हर बेरोजगार युवा को हर महीने पांच हजार रुपए देने का वादा किया है। इसके अलावा वृद्ध महिलाओं, मजदूरों और कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपए दिए जाएंगे।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपने ‘पीडीए’ यानी ‘पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक’ नैरेटिव को बल देने के लिए 50 करोड़ रुपए तक के सरकारी ठेकों में पिछड़ों और दलितों के लिए 50 फीसदी आरक्षण का ऐलान किया है। उन्होंने किसानों की कर्जमाफी से लेकर रोजगार और पेंशन को लेकर बड़े वादे किए हैं। अखिलेश यादव ने घोषणापत्र में कहा है कि सपा की सरकार बनी तो पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी और दो से तीन करोड़ युवाओं के लिए सरकार रोजगार की व्यवस्था करेगी।
समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में डेढ़ लाख लाख शिक्षा मित्रों को सरकारी शिक्षकों के बराबर वेतन देने का वादा किया गया है। इसके अलावा, गरीब परिवारों को 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा देने, बंद स्कूलों को फिर से खोलने और पुरानी पेंशन बहाल करने की दिशा में काम करने का वादा किया। अखिलेश ने कहा कि आशा, आंगनवाड़ी और ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को अच्छा वेतन दिया जाएगा। उन्हें नौकरी में पक्का करने के लिए भी काम करेंगे।
अखिलेश यादव ने किसानों को कर्ज माफ करने का वादा किया और साथ ही गन्ना किसानों के भुगतान को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनी तो 24 घंटे में 15 हजार करोड़ रुपए का फंड बनाएंगे, जिससे गन्ना किसानों को भुगतान होगा। गांवों के बुनियादी ढांचे के विकास पर उन्होंने डेढ़ लाख करोड़ रुपए खर्च करने का ऐलान किया है।
समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शहरी रोजगार के लिए अर्बन एम्पलायमेंट गारंटी एक्ट लाया जाएगा। अखिलेश यादव ने वादा किया कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं और गरीबों को पांच रुपए में भोजन मिलेगा। कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में किसी भी माफिया या गुंडे को पनपने नहीं दिया जाएगा। उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। उन्होंने कहाकि व्यापारी, दुकानदार और उद्यमियों को कोई बाहुबली या गुंडा परेशान नहीं कर पाएगा।
