नई दिल्ली। आखिरकार केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया। 103 दिन तक मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं करने के बाद गुरुवार, 26 नवंबर को सरकार ने ऐलान किया कि 30 नवंबर से संसद की विशेष बैठक होगी। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही तीन दिसंबर को खत्म हो सकती है। बताया जा रहा है कि लोकसभा का सत्र एक दिसंबर तक और राज्यसभा का सत्र तीन दिसंबर तक चल सकता है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिख कर बताया कि सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा सभापति से सत्र बुलाने का अनुरोध किया है। इस साल सरकार दूसरी बार विशेष सत्र बुला रही है। बताया जा रहा है कि महिला आरक्षण कानून यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन और परिसीमन के लिए सरकार तीन बिल पेश करेगी और विशेष चर्चा के बाद उसे पास कराएगी। संविधान संशोधन के लिए दो तिहाई बहुमत यानी लोकसभा में 360 और राज्यसभा में 161 वोट की जरुरत है। अभी लोकसभा में सरकार के पास 40 और राज्यसभा में 11 सांसद कम पड़ रहे हैं। डीएमके और शरद पवार की एनसीपी के समर्थन से सरकार बिल पास कराने की उम्मीद कर रही है।
इससे पहले 16 से 18 अक्टूबर तक विशेष सत्र का आयोजन हुआ था, जिसमें सरकार ने तीन बिल पेश किए थे। लेकिन दो तिहाई बहुमत नहीं हो पाने की वजह से नारी शक्ति वंदन कानून में संशोधन के लिए लाया गया 131वां संविधान संशोधन विधेयक पास नहीं हो सका था। उसके बाद सरकार ने परिसीमन से जुड़े दोनों विधेयक भी वापस ले लिए थे। कहा जा रहा है कि सरकार ने इस बार संविधान संशोधन बिल पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत का इंतजाम कर लिया है।
बहरहाल, किरेन रीजीजू ने बताया कि सरकार ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा स्पीकर से बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा। हालांकि सरकार की ओर से विशेष सत्र का एजेंडा नहीं बताया गया है। लेकिन माना जा रहा है कि संसद में महिला आरक्षण कानून में संशोधन करने और परिसीमन से जुड़े विधेयक पास कराने का प्रयास किया जाएगा। पिछले साढ़े तीन महीने से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
गौरतलब है कि मानसून सत्र के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसके 103 दिन बाद भी बुधवार रात तक मानसून सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ था। मानसून सत्र अनिश्चितकाल तक स्थगित होने के 104वें दिन विशेष सत्र की घोषणा हुई। इससे पहले 2008 में संसद का सत्र 87 दिन तक बिना औपचारिक समापन के रहा था। एनडीए की सरकार ने वह रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
