नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी की 181 सीटों की मांग के जवाब में समाजवादी पार्टी ने उसे 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। मंगलवार को दूसरे दिन की बैठक लंबी चली और करीब तीन घंटे की बातचीत के बाद खबर आई कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें लेकर गठबंधन करने को कहा है। इन 26 सीटों में 16 सीटें ऐसी हैं, जिन पर 2022 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। सपा के इस ऑफर के बाद दोनों पार्टियों के बीच पेंच फंस गया दिख रहा है।
गौरतलब है कि मंगलवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों पार्टियों के नेताओं की बैठक हुई, जो करीब सवा तीन घंटे चली। इससे पहले सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा, ‘मैंने कांग्रेस को 26 सीटें बता दी हैं, जहां से वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है’। बातचीत करने वाली कमेटी में शामिल सपा के सांसद राजीव राय ने भी यही बात दोहराई।
समाजवादी के ऑफर पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, ‘हम किसी से भीख नहीं मांग रहे। यह गठबंधन के लिहाज से ठीक नहीं है। कांग्रेस आज बहुत मजबूत है। 2022 वाली कांग्रेस नहीं रह गई है’। हालांकि सपा के साथ बातचीत कर रहे कांग्रेस के दो अन्य नेताओं प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्र मोना ने नरम रुख दिखाया और कहा कि अभी बातचीत चल रही है और जल्दी ही सीटों पर सहमति बन जाएगी।
उधर अखिलेश यादव ने लखनऊ में मीडिया से कहा, ‘गठबंधन का मकसद चुनाव जीतना है। सपा अपने सहयोगी दलों के लिए सीटें छोड़ने और तालमेल बैठाने को तैयार है। क्योंकि यह बड़ी लड़ाई है और हमारा साझा लक्ष्य जीतना है’। सपा अध्यक्ष ने मंगलवार की बैठक के बाद पैदा हुई तल्खी को दूर करने का प्रयास किया और संकेत दिया कि गठबंधन के लिए सपा कुछ और समझौते करने को तैयार है।
बहरहाल, सपा की ओर से कांग्रेस को जो 26 सीटों की सूची सौंपी गई है, उसमें 10 ऐसी हैं, जहां पिछली बार उसने सहयोगी दलों को लड़ाया था। इसमें नौ सीटों पर सपा से समझौते के बाद रालोद ने चुनाव लड़ा था। वहीं वाराणसी जिले की पिंडरा सीट सपा ने अपना दल (कमेरावादी) को दी थी। सपा ने कांग्रेस को जिन 26 सीटों की लिस्ट सौंपी है, उनमें 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीती दोनों सीटें हैं। उसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जिन पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी और 16 सीटें ऐसी हैं, जिन पर उसकी जमानत जब्त हो गई थी।
