मुंबई। शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है। पिछले दो दिन में जो थोड़ा बहुत सुधार हुआ था वह गुरुवार को साफ हो गया। गुरुवार, आठ अक्टूबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 1,045 अंक गिर कर 71,593 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 371 अंक की गिरावट रही, ये 22,232 पर बंद हुआ। लगातार नौवें हफ्ते शेयर बाजार में गिरावट रही है। इस तरह 25 साल का रिकॉर्ड टूट रहा है। गुरुवार के कारोबार में मेटल, ऑटो और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली रही।
बहरहाल, गुरुवार को हुई बड़ी गिरावट के पीछे रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी को एक अहम कारण माना जा रहा है। रिजर्व बैंक ने 44 महीने में पहली बार ब्याज दर बढ़ाया है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा जानकारों का मानना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमत और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से शेयर बाजार गिर रहा है।
गौरतलब है कि कच्चे तेल के दाम 102 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बने हुए हैं। इसके अलावा विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। इसके अलावा वैश्विक बाजार में बॉन्ड की बिक्री तेज होने से अमेरिका की 30 साल वाली बॉन्ड पर कमाई 5.71 फीसदी से ज्यादा हो गई है। 10 साल के बॉन्ड की कमाई भी 5.3 फीसदी से ऊपर चली गई है। बॉन्ड यील्ड बढ़ने से निवेशक शेयर मार्केट से पैसा निकाल रहे हैं। पश्चिम एशिया में चल रही लड़ाई के भी अभी तुरंत खत्म होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
