नई दिल्ली। लोकसभा से निलंबित कांग्रेस के आठ सांसदों का निलंबन समाप्त हो गया है। बजट सत्र के पहले चरण में इन सांसदों को निलंबित किया गया था। स्पीकर ओम बिरला ने मंगलवार को इन सांसदों का निलंबन समाप्त किया। हालांकि इससे पहले जब बिरला से इनका निलंबन खत्म करने को कहा गया था तो उन्होंने कहा था कि मेज पर चढ़ने वालों के साथ ऐसी ही सलूक होगा। लेकिन सोमवार को इनका निलंबन खत्म करने पर सहमति बनी और मंगलवार को इनका निलंबन खत्म हो गया।
गौरतलब है कि बजट सत्र के पहले चरण में कांग्रेस के सात और लेफ्ट के एक सांसद को निलंबित किया गया था। इन आठ सांसदों को चार फरवरी को लोकसभा से पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किया गया था। उन पर सदन में हंगामा करने के दौरान स्पीकर के आसन पर बैठे कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी की कुर्सी की ओर कागज फेंकने का आरोप लगा था। उस समय राहुल गांधी भारत और चीन की सीमा पर तनाव का जिक्र कर रहे थे।
