Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान सिस्टम हैक

हत्याकांड

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक अजीबोगरीब वाकया हो गया। बुधवार को सुनवाई के दौरान एक सिस्टम हैक होने के दावा किया गया, जिसके बाद अश्लील वीडियो चलने लगा। उस समय चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस खरिया की बेंच सुनवाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को एक बजे से थोड़ा पहले यह घटनाक्रम हुआ। हालांकि जैसे ही अश्लील वीडियो चला, वैसे ही सुनवाई रोक दी गई।

बताया जा रहा है कि कुछ मिनट बाद सुनवाई दोबारा शुरू हुई, लेकिन फिर अश्लील वीडियो चलने लगा। मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट को दी गई है। वर्चुअल सुनवाई के दौरान कई लोग जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि इनमें एक क्षितिजीत सिंह थे। शुरुआती पूछताछ में उन्होंने दावा किया कि उनका अकाउंट अमेरिका से हैक किया गया और उसे वहीं से सुनवाई में जोड़ दिया गया। उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि सुनवाई के दौरान वह अश्लील वीडियो कैसे चला।

सुनवाई के दौरान वीडियो चलने के बाद ‘आपका सिस्टम हैक हो गया है’, का मैसेज भी स्क्रीन पर दिखाई दिया। इस दौरान दो बार अश्लील वीडियो चला और तीसरी बार म्यूजिक वीडियो चला। मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर रजिस्ट्रार जनरल को आवश्यक निर्देश दिए गए। अदालत की कार्यवाही रिकॉर्ड करना नियमों के खिलाफ है। यदि किसी ने रिकॉर्डिंग की है तो कार्रवाई करेंगे।

Exit mobile version