Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत-चीन के कमांडरों में वार्ता

चीन ने भारतीय

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश सहित भारत की पूर्वी और उत्तरी सीमा पर लगातार बने तनावों के बीच भारत और चीन के बीच वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की वार्ता हुई है। सीमा पर तनाव कम करने के लिए अब तक लद्दाख सेक्टर में वार्ता हो रही थी। अब अरुणाचल प्रदेश में दूसरे दौर की वार्ता हुई है। बर्फबारी शुरू होने से पहले दोनों देशों के बीच हुई यह बैठक बहुत अहम है। गौरतलब है कि पिछले दिनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और चीन के साथ सीमा विवाद पर वार्ता के लिए भारत के विशेष प्रतिनिधि अजित डोवाल की चीन यात्रा में इस वार्ता की सहमति बनी थी। उसके बाद छह और सात सितंबर को वार्ता हुई थी।

बहरहाल, ताजा वार्ता में नागालैंड के दीमापुर में भारतीय सेना के थर्ड कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग, लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। उन्होंने अपने चीनी समकक्ष और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत की। दोनों देशों के सैन्य कमांडर स्तर की बैठक में विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने तनाव कम करने और किसी तरह की गलफहमी नहीं पैदा होने देने की जरुरतों पर बात की।

बताया गया है कि दोनों देशों के बीच हुई इस बातचीत का मकसद दोनों सेनाओं के बीच स्पष्ट कार्य प्रक्रिया तय करना, गश्ती दलों के बीच टकराव से बचना, बातचीत के रास्ते खुले रखना और स्थानीय स्तर पर होने वाले टकराव को किसी बड़े सैन्य गतिरोध में बदलने से रोकना था। गौरतलब है कि यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी के कुछ हिस्सों में लगातार तनाव बना हुआ है, जहां भारतीय और चीनी सैनिक कई जगहों पर आमने सामने हैं।

दोनों पक्षों ने इस इलाके में बड़ी संख्या में सैनिकों को तैनात किया है और आने वाली सर्दियों में पहाड़ी सीमा पर और भी ज्यादा ऑपरेशनल चुनौतियां सामने आएंगी। यह ताजा बैठक छह और सात सितंबर को पूर्वी सेक्टर में हुई कोर कमांडर स्तर की पहली बैठक के बाद हुई। ये बातचीत वाचा-दमाई बॉर्डर पर्सनल मीटिंग पॉइंट्स पर हुई। अरुणाचल प्रदेश के किबिथू सेक्टर में स्थित ‘वाचा’, भारत का सबसे पूर्वी बॉर्डर पर्सनल मीटिंग पॉइंट है। सितंबर में हुई यह बैठक अरुणाचल के ऊपरी सुबनसिरी जिले के तक्सिंग इलाके में तनाव बढ़ने की खबरों के बीच हुई थी। दोनों देशों ने स्थानीय स्तर के टकरावों को बढ़ने से रोकने के लिए सैन्य और राजनयिक बातचीत के तरीकों का इस्तेमाल बढ़ाया है खासकर उन इलाकों में जहां एलएसी को लेकर दोनों की समझ अलग-अलग है।

Exit mobile version