Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा को इस साल 1,473 करोड़ चंदा मिला

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी हर साल चंदे का रिकॉर्ड बना रही है। इस साल हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 1,472.8 करोड़ रुपए का चंदा मिला। भाजपा को मिला चंदा कांग्रेस को मिले चंदे के मुकाबले सात गुना ज्यादा है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को 207.17 करोड़ रुपया चंदा मिला था। चुनाव आयोग ने बुधवार को यह जानकारी दी।

भाजपा ने अभी तक तीन राज्यों में हुए चुनाव खर्च का ब्योरा सार्वजनिक कर दिया है। पश्चिम बंगाल और केरलम में उसने कितना खर्च किया यह नहीं बताया है। हालांकि उसका कुल खर्च उसको मिले चंदे के मुकाबले बहुत कम होगा। जिन तीन राज्यों का खर्च का ब्योरा भाजपा ने दिया है उसमें सबसे ज्यादा 97 करोड़ रुपए उसने असम में खर्च किए हैं। गौरतलब है कि इसस साल हुए चुनावों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल और असम में जीत हासिल की थी। पुडुचेरी में भी उसका गठबंधन जीता था, जबकि केरलम में कांग्रेस और तमिलनाडु में टीवीके ने जीत हासिल की थी।

बहरहाल, पांच राज्यों में मिले चंदे से भाजपा के पास जमा कुल राशि भी बहुत बढ़ गई है। 15 मार्च को भाजपा के खाते में 6,722.6 करोड़ रुपए था, जो छह मई को बढ़ कर 7,627.2 करोड़ रुपए हो गया। यानी इस दौरान 904.6 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई। दूसरी ओर कांग्रेस केंद्रीय मुख्यालय और पांच राज्य इकाइयों के पास चुनावी अवधि की शुरुआत में करीब 169.06 करोड़ रुपए थे। इसमें 22.9 करोड़ रुपए नकद और 146.1 करोड़ रुपए बैंक खातों में थे। छह मई तक कांग्रेस के पास करीब 103.2 करोड़ रुपए बचे। यानी चुनावी उसके फंड में 65.86 करोड़ रुपए की कमी आई।

Exit mobile version