नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी ने 13 जून को जंतर मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को टाल दिया है और ऐलान किया है कि अगर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता है तो वह पूरे देश में प्रदर्शन करेगा। पार्टी की ओर से यह भी कहा गया है कि अगर धर्मेंद्र प्रधान मंत्री पद नहीं छोड़ते हैं, तो 20 जून से जंतर मंतर पर अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक जवाबदेही तय नहीं होती।
कॉकरोच जनता पार्टी ने बुधवार को एक बयान जारी करके कहा कि देश के अलग अलग शहरों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी शुरुआत 11 जून को पुणे से होगी। इसके बाद लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु, जयपुर और हैदराबाद में भी प्रदर्शन किए जाएंगे। सीजेपी की ओर से कहा गया कि परीक्षा आयोजन में कथित गड़बड़ियों की वजह से लाखों परिवार और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उसने आरोप लगाया है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बार बार हो रही विफलताओं की जिम्मेदारी लेने में नाकाम रहे हैं, इसलिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।
