Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमित शाह ने पेश किया सौ दिन का रिपोर्ट कार्ड

Amit Shah

नई दिल्ली। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीसरी सरकार के एक सौ दिन पूरे होने के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरकार के सौ दिन का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने दावा किया कि पहले एक सौ दिन में सरकार ने 15 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाएं शुरू की हैं। अमित शाह ने कहा कि सरकार के कार्यकाल के दौरान एक देश एक चुनाव लागू करने की योजना है। उन्होंने मणिपुर के हालात पर भी टिप्पणी की और कहा कि मणिपुर में शांति के लिए वे मैती और कुकी दोनों समुदायों से बात कर रहे हैं।

शाह ने कहा- तीसरे कार्यकाल के पहले एक सौ दिन में मोदी सरकार ने 15 लाख करोड़ की योजनाएं शुरू कीं हैं। इसके साथ ही टैक्स राहत दी और किसानों के खाते में तीन लाख करोड़ रुपए पहुंचाए। उन्होंने कहा- आज देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मजबूत है। इकोनॉमी सभी 14 पैमानों पर खरी उतरी है। आज इकोनॉमी में रीढ़ दिखाई देती है। शाह ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से लेकर दो अक्टूबर यानी 15 दिन तक देश भर के सभी जरूरतमंदों की सेवा में हमारे जैसे लाखों कार्यकर्ता लगेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने मणिपुर के हालात पर टिप्पणी करते हुए कहा- मणिपुर में शांति के लिए हम मैती और कुकी दोनों समुदायों से बात कर रहे हैं। हमने समस्या की जड़, भारत, म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम शुरू कर दिया है। 30 किलोमीटर तक काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा- सरकार ने पूरी 15 सौ किलोमीटर बॉर्डर पर बाड़ लगाने का बजट मंजूर किया है। घुसपैठ रोकने भारत, म्यांमार के बीच हुए समझौते को रद्द कर दिया है। अब केवल वीजा के जरिए ही एंट्री हो सकती है।

Exit mobile version