Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून

Chennai, Nov 30 (ANI): A man holding an umbrella wades through a waterlogged road following heavy rainfall triggered by Cyclone Fengal, in Chennai on Saturday. (ANI Photo)

नई दिल्ली। इस साल दक्षिण पश्चिमी मानसून सामान्य से थोड़ा कम रहने की संभावना है लेकिन अच्छी खबर यह है कि ये समय से थोड़ा पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक इस साल मानसून तय समय से चार दिन पहले आ सकता है। आमतौर पर केरल में मानसून एक जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार 25 से 27 मई के बीच केरल तट पर पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि कुछ राज्यों में अगले कुछ दिन में बारिश हो सकती है। उसके मुताबिक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण पश्चिम हिस्से में एक सिस्टम बन गया है, जो अगले 48 घंटे में और मजबूत हो सकता है। इससे दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश बढ़ेगी। यह सिस्टम मानसून को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित पांच राज्यों में मंगलवार को आंधी और बारिश का अलर्ट था। कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश हुई है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में आंधी, तूफान और बारिश से कई घरों की छत उड़ गई। दूसरी ओर राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में हीटवेव जारी है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम की वजह से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में 14 से 17 मई के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम, मेघालय और मणिपुर में भी कई जगह बारिश की संभावना हैं। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर ओडिशा में भी दिख सकता है। राज्य के कई हिस्सों में अगले छह दिन तक बारिश का अनुमान है।

Exit mobile version