नई दिल्ली। मौसम विभाग ने मानसून के आगमन को लेकर अग्रिम भविष्यवाणी कर दी है। शुक्रवार को मौसम विभाग ने बताया कि इसस बार मानसून समय से छह दिन पहले केरलम के तट पर पहुंचेगा। बताया गया कि मानसून केरलम में 26 मई को दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है। इसके बाद देश के दूसरे हिस्सों को कवर करने के लिए उत्तर की ओर बढ़ता है। पिछले साल मानसून 24 मई को आया था।
मौसम विभाग की ओर से पहले बताया जा चुका है कि इस साल मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश होगी। ध्यान रहे पिछले साल यानी 2025 में सामान्य से आठ फीसदी ज्यादा बारिश हुई थी। पिछले साल मानसून की वापसी के बाद 30 सितंबर को मसौम विभाग ने सामान्य से आठ फीसदी ज्यादा बारिश होने की जानकारी दी थी।
इस साल सामान्य से कम बारिश की संभावना है लेकिन मानसून के आगमन से पहले ही देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। उत्तर प्रदेश में बुधवार को आंधी और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। आंधी और बारिश से जुड़ी घटनाओं में राज्य में 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में हुईं।
एक तरफ देश के आधे हिस्से में आंधी और बारिश का दौर चल रहा है तो दूसरी ओर देश का आधे से ज्यादा हिस्सा हीटवेव की चपेट में है। महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 45.9 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म रहा। जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी तापमान 45 डिग्री के ऊपर दर्ज हुआ। राजधानी दिल्ली में तापमान 40 डिग्री पार कर चुका है।
