Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

संसदीय समिति कर सकती है पूछताछ

नई दिल्ली। पिछले छह दिन से इंडिगो के विमानों के रद्द होने और यात्रियों की परेशानी को लेकर संसद की परिवहन मंत्रालय की स्थायी समिति पूछताछ कर सकती है। गौरतलब है कि इंडिगो के उड़ानों के बड़े पैमाने पर रद्द होने की वजह से देश के अनेक हवाईअड्डों पर हजारों यात्री कई दिन तक फंसे रहे। तभी कहा जा रहा है कि इस मामले में संसद की स्थायी समिति इंडिगो के अधिकारियों को और उनके साथ साथ विमानन नियामक यानी डीजीसीए के अधिकारियों को बुला सकती है।

बताया जा रहा है कि जनता दल यू के नेता संजय झा की अध्यक्षता वाली परिवहन, पर्यटन और संस्कृति मामले की संसद की स्थायी समिति, इंडिगो के अधिकारियों और नागरिक विमानन महानिदेशालय यानी डीजीसीए और नागरिक विमानन मंत्रालय के अधिकारियों से हवाई सेवाओं में रुकावट के कारण और संभावित समाधानों के बारे में जवाब मांग सकती है।

इस बीच डीजीसीए ने मौजूदा संकट के पीछे कारणों का पता लगाने के लिए चार सदस्यों का एक जांच पैनल बनाया है। कमेटी में डीजीसीए के संयुक्त महानिदेशक संजय के ब्रम्हाने और उप महानिदेशक अमित गुप्ता, सीनियर फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर कैप्टन कपिल मांगलिक और फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर कैप्टन रामपाल शामिल हैं। पैनल 15 दिन के अंदर रिपोर्ट और सुझाव देगा ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version