Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शेयर बाजार में 1,236 अंक की बड़ी गिरावट

नई दिल्ली। फरवरी महीने में तीसरी बार बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई के संवेदी सूचकांक में एक फीसदी से ज्यादा की बड़ी गिरावट हुई है। एक फरवरी को आम बजट के दिन सबसे बड़ी गिरावट हुई थी। गुरुवार को एक बार फिर 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 1236 अंक यानी 1.48 फीसदी गिरा। यह 82,498 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 365 अंक यानी 1.41 फीसदी की गिरावट हुई। यह 25,454 के स्तर पर बंद हुआ।

बीएसई में ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट हुई। गौरतलब है कि पिछले तीन सत्रों से बाजार में बढ़त थी। तभी कहा जा रहा है कि निवेशक ऊंचे स्तरों पर मुनाफा वसूल रहे हैं। हालांकि इसके अलावा वैश्विक भू राजनीतिक स्थितियां भी कारण हैं। अमेरिकी सेना ईरान पर हमला कर सकती है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका में निवेशक बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि अभी बाजार में तेजी लाने वाला कोई फैक्टर नहीं दिख रहा है इसलिए भी निराशा है। यह भी हैरान करने वाली बात है कि गुरुवार को सभी एशियाई बाजारों में तेजी रही।

Exit mobile version