Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमेरिका-चीन प्रतिद्वंद्वी नहीं पार्टनर बनेंगे

बीजिंग। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बीजिंग में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। बीजिंग के ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में जिनपिंग ने ट्रंप का स्वागत किया। इस दौरान ट्रंप को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया। दोनों नेताओं के बीच दो घंटे बैठक चली। शुक्रवार को भी दोनों नेताओं के बीच बैठक होगी।

गुरुवार को बैठक की शुरुआत में राष्ट्रपति जिनपिंग ने कहा कि पूरी दुनिया इस बैठक पर नजर लगाए हुए है। उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और अमेरिका-चीन रिश्ते वैश्विक स्थिरता के लिए बेहद अहम हैं। जिनपिंग ने कहा कि  दोनों देशों को प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि पार्टनर बनना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘बार बार साबित हुआ है कि ट्रेड वॉर में कोई विजेता नहीं होता। चीन अमेरिका आर्थिक संबंधों का आधार आपसी लाभ और विन विन सहयोग है’।

वहीं ट्रंप ने जिनपिंग की तारीफ करते हुए कहा, ‘आपका दोस्त होना सम्मान की बात है’। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से बेहतर होने वाले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह दुनिया के सबसे बड़े कारोबारी नेताओं को अपने साथ लेकर चीन आए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ स्टेट डिनर में अमेरिका और चीन के ऐतिहासिक रिश्तों का जिक्र किया।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के लोगों के बीच लंबे समय से आपसी सम्मान की भावना रही है। उन्होंने आगे बताया कि अमेरिका के संस्थापक नेताओं में से एक बेंजामिन फ्रैंकलिन ने चीनी दार्शनिक कन्फ्यूशियस के विचारों को लोगों तक पहुंचाया था। चीन के लोगों ने अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन की याद में एक स्मारक पत्थर भेंट किया। उस पर उन्हें महान नेता और सेनापति बताया गया था।

Exit mobile version