Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमेरिका-ईरान ने कतर में वार्ता की

नई दिल्ली। ईरान एक दिन पहले तक इस बात से इनकार कर रहा था कि वह अमेरिका से बातचीत नहीं करेगा। लेकिन बुधवार को दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने कतर में मुलाकात की और 17 जून को मंजूर किए गए समझौता ज्ञापन में तय किए गए मुद्दों पर बात की। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस बातचीत का अपडेट दिया। ट्रंप ने कहा कि कतर में बातचीत अच्छी हुई है। ट्रंप ने अपने दामाद जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ को वार्ता के लिए भेजा है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को कहा कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी चल रही है। उन्होंने कहा, ‘हमने उन पर बहुत कड़ा हमला किया था, लेकिन अब हमारे रिश्ते काफी अच्छे हैं’। एयर फोर्स वन में सवार होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, ‘ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ रही है। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच अच्छी बैठकें हुई हैं। अब देखना होगा कि आगे क्या नतीजा निकलता है’।

बहरहाल, बुधवार को कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी स्तर की बातचीत हुई। खबरों के मुताबिक दोनों पक्ष होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही दोबारा शुरू करने और पश्चिम एशिया में स्थायी युद्धविराम सुनिश्चित करने पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले ईरान ने कहा था कि उसका प्रतिनिधिमंडल फ्रीज की गई अपनी संपत्तियों को छुड़ाने जा रहा है। उस बारे में भी बात हुई है।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 17 जून को ईरान के साथ समझौता ज्ञापन पर दस्तखत किए। इसके बाद अमेरिका और इजराइल के कई नेताओं ने इस समझौते की आलोचना की। इसके बाद उप राष्ट्रपति वेंस और विदेश मंत्री रूबियो दोनों अलग अलग देशों के दौरे पर गए और समझौते का बचाव किया। हालांकि दोनों के बयानों में कुछ अंतर दिखाई दिया, जिससे यह चर्चा शुरू हो गई कि ट्रंप प्रशासन के भीतर मतभेद हैं।

Exit mobile version