Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अमेरिका ने होर्मुज से 13 जहाज लौटाए

नई दिल्ली। होर्मुज की खाड़ी से जहाजों के निकलने पर अमेरिकी नाकाबंदी लागू है। पिछले तीन दिन से होर्मुज की खाड़ी से एक भी जहाज नहीं निकल सका है। अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने ईरान के बंदरगाहों से निकलने की कोशिश कर रहे 13 जहाजों को वापस लौटा दिया। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड के मुताबिक, सोमवार से शुरू हुई इस नाकाबंदी के बाद अब तक कोई भी जहाज इसे पार नहीं कर पाया है। दूसरी ओर ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने नाकाबंदी नहीं हटाई, तो वह खाड़ी इलाके में दूसरे बंदरगाहों को निशाना बनाएगा और व्यापार को बाधित कर सकता है।

ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो वह लाल सागर, ओमान सागर और फारस की खाड़ी में समुद्री व्यापार रोक देगा। उधर अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा। उन्होंने साफ किया कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अमेरिका अपने रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लेता। हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका इस नाकेबंदी को खत्म करने की जल्दबाजी में नहीं है।

उधर चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची से होर्मुज की खाड़ी में आवागमन फिर से शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस अहम समुद्री रास्ते का खुला रखना सभी देशों के हित में है। वांग यी ने कहा कि एक तरफ होर्मुज में ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन दूसरी तरफ इस रास्ते से जहाजों के सुरक्षित और स्वतंत्र आवागमन की भी गारंटी जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन संघर्ष विराम बनाए रखने और बातचीत फिर से शुरू करने का समर्थन करता है।

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि गुरुवार को इजराइल और लेबनान के नेता जंग खत्म करने पर सीधे बातचीत करेंगे। यह पिछले 34 साल में दोनों देशों के बीच पहली सीधी बातचीत होगी। इजराइल और लेबनान के नेता आखिरी बार 1991 में मैड्रिड कॉन्फ्रेंस में आमने सामने बैठे थे।

Exit mobile version