Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दीपम मामले में विजय सरकार ने माफी मांगी

नई दिल्ली। सी जोसेफ विजय की तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद कार्तिगई दीपम के मौके पर हिंदुओं को मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप नहीं जलाने दिया और त्योहार बीत जाने के एक दिन बाद सुप्रीम कोर्ट से माफी मांग ली। मदुरै के कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में बताया कि सरकार ने दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की पूरी कोशिश की लेकिन देवस्थानम यानी मंदिर प्रशासन ने उसे रोका।

सरकार की ओर से कहा गया है कि, मंदिर प्रशासन का कहना था कि दीपथून पर दीप जलाना स्थापित परंपराओं और धार्मिक रीति रिवाजों के खिलाफ है। इसलिए दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया। हालांकि हिंदू श्रद्धालुओं को रोकने का काम सरकार और पुलिस कर रही थी। पुलिस ने लाठी चला कर और हिरासत में लेकर लोगों को रोका।

गौरतलब 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि कार्तिक पूर्णिमा यानी 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाया जाएगा। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया और जान बूझकर उसे टालने की कोशिश की। याचिकाकर्ता राम रविकुमार की ओर से पेश वकीलों ने अधिकारियों के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वे औपचारिक याचिका दाखिल करें, इसके बाद कोर्ट उचित आदेश देगा।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीप नहीं जलाने देने के विरोध में मंगलवार को भाजपा और हिंदू संगठनों ने राज्य भर में प्रदर्शन किया था। इस दौरान करीब तीन सौ सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। बताया गया है कि रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के सदस्यों ने सड़क जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने सड़क जाम करने वालों को हिरासत में लिया। पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के सदस्यों ने भी प्रदर्शन किया।

Exit mobile version