Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मन की बात में चंद्रयान, जी-20 की चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले मासिक कार्यक्रम मन की बात में रविवार को चंद्रयान-तीन की सफल लैंडिंग और जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि चंद्रयान को लेकर एक क्विज चल रहा है और साथ ही उन्होंने लोगों से इसमें हिस्सा लेने की अपील भी की। प्रधानमंत्री ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ को इस समूह का सदस्य बनवा कर भारत ने अपना लोहा मनवाया।

प्रधानमंत्री ने कहा- चंद्रयान लैंडिंग के दिन इसरो ने रिकॉर्ड बनाया। मुझे कई पत्र मिले, जब चंद्रयान का लैंडर उतरने वाला था। तब कई लोग इसके साक्षी बने। इसरो के यूट्यूब चैनल पर 80 लाख लोगों ने देखा। ये रिकॉर्ड है। इससे पता चलता है कि लोगों को कितना लगाव है। उन्होंने कहा- चंद्रयान पर एक क्विज चल रहा है, जिसमें 15 लाख से ज्यादा लोग हिस्सा ले रहे हैं। मैं आपसे भी कहूंगा कि आप भी इसमें हिस्सा लीजिए, छह दिन और बाकी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन का जिक्र करते हुए कहा- जी-20 में भारत ने अफ्रीका को मेंबर बनाकर लीडरशिप का लोहा मनवाया। उन्होंने कहा- चंद्रयान के बाद जी-20 का आयोजन चर्चा में है। भारत ने इस समिट में अफ्रीका को फुल मेंबर बनवाकर अपना लोहा मनवाया है। प्रधानमंत्री ने भारत से यूरोप के बीच बनने वाले कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा- जब भारत बहुत समृद्ध था, सिल्क रूट की चर्चा होती थी। अब एक और इकोनॉमिक कॉरिडोर सुझाया है। ये कॉरिडोर आने वाले सैकड़ों साल तक विश्व व्यापार का आधार बनने वाला है। इतिहास इसे याद रखेगा कि इसका सूत्रपात भारत की धरती पर हुआ था।

प्रधानमंत्री ने रविवार को प्रसारित मन के बात कार्यक्रम में जर्मनी की एक लड़की की भी चर्चा की। वो देख नहीं पाती, लेकिन संस्कृत के श्लोक इतने आसानी से गाती हैं जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह जाए। उन्होंने कार्यक्रम में 27 सितंबर को होने वाले विश्व पर्यटन दिवस और शांति निकेतन-होयसड़ा मंदिर की भी चर्चा की। मोदी ने बताया कि बीते कुछ साल में देश में शेर, बाघ, तेंदुआ और हाथियों की संख्या बढ़ी है। कई कोशिशें जारी हैं, ताकि धरती पर रहने वाले दूसरे जीवों को बचाया जा सके।

Exit mobile version