Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

लेबनान की ओर से हमला

तेल अवीव। इजराइल और हमास के बीच चल रही जंग के 16वें दिन रविवार को लेबनान की ओर से इजराइल पर बड़ा हमला हुआ। इजराइल ने भी जवाब में हिजबुल्ला के कई ठिकानों पर हमला किया। ‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ के मुताबिक, लेबनान की तरफ से इजराइल के कम्युनिकेशन टावर पर हमला हुआ। वहीं, इजराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हिजबुल्लाह के तीन ठिकाने तबाह कर दिए हैं।

इसके बाद हिजबुल्लाह के साथ इजराइल की जंग शुरू होने की आशंका बढ़ गई है। गौरतलब है कि इजराइल-हमास जंग भी ऐसे ही शुरू हुई थी। हमास लड़ाकों ने ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए गाजा की सीमा पर लगे इजराइली सेना के सर्विलांस कैमरे और कम्युनिकेशन टावर तबाह कर दिए थे। इससे इजराइली सेना कमजोर पड़ गई थी और हमास के लड़ाके इजराइली सीमा में घुसने में सफल हुए थे। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच जंग के खतरे को देखते हुए इजराइल ने लेबनान सीमा पर के 13 गांवों को खाली करा लिया है। वहीं, लेबनान के आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह ने बताया कि सात अक्टूबर से अब तक उसके 14 लोग मारे जा चुके हैं।

इस बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिजबुल्लाह को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है- लगातार हमले करने से या जंग शुरू करने से इजराइल ऐसी जवाबी कार्रवाई करेगा जो लेबनान में तबाही ला सकती है। उन्होंने कहा कि हमास के साथ जंग में शामिल होना हिजबुल्लाह की सबसे बड़ी गलती होगी। इजराइल की सेना ने चेतावनी दी है कि हिजबुल्लाह लेबनान को भी अपने साथ जंग में खींच रहा है। इससे उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा, लेकिन ऐसा बहुत कुछ है जो वो खो सकते हैं। दूसरी तरफ, हिजबुल्लाह के डिप्टी लीडर शेख नईम कासिम ने कहा है कि अगर इजराइल ने गाजा पर जमीनी हमला किया तो हिजबुल्लाह भी जंग में शामिल हो जाएगा।

Exit mobile version