Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हाथरस के पीड़ितों से मिले राहुल

लखनऊ। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हाथरस में सत्संग में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों से मुलाकात की। राहुल गांधी पीड़ितों से मिलने शुक्रवार को हाथरस पहुंचे। राहुल ने पीड़ितों के परिजनों को गले लगा कर उनको सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया। इस दौरान राहुल जमीन पर बैठकर पीड़ित परिवार से बातचीत करते नजर आए। उन्होंने कहा- बिल्कुल टेंशन न लो, हम आपके साथ हैं। आप सभी मेरा परिवार हैं। हम इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे। 

हाथरस जाने के लिए राहुल शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे दिल्ली से रवाना हुए। सड़क मार्ग से सुबह सात बजे वे अलीगढ़ के पिलखना गांव पहुंचे। हादसे में वहां की मंजू देवी और उनके बेटे पंकज की मौत हुई थी। राहुल उनके घर पहुंचे और परिवार से हादसे की जानकारी ली। मंजू देवी की बेटी ने बताया कि राहुल ने पार्टी की ओर मदद का वादा किया। राहुल ने यह भी कहा कि कोई भी दोषी बचेगा नहीं। 

इस बीच बताया गया है कि राहुल गांधी शनिवार को गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वे राजकोट गेमिंग जोन में हाल ही में हुई आग की घटना और मोरबी में ब्रिज हादसे के पीड़ितों के परिवार से बातचीत करेंगे। राहुल गांधी का यह दौरा इस लिहाज से अहम है क्योंकि हाल ही में उन्होंने लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी थी कि कांग्रेस अगले गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराएगी। संसद में हिंदू धर्म पर राहुल के दिए बयान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अहमदाबाद में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हमला कर दिया था। इसमें कई कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हो गए थे। राहुल गांधी इन कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। 

गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद उन्होंने राहुल गांधी से गुजरात आने की अपील की थी। राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। राज्य में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा रविवार यानी सात जुलाई को निकलेगी। उससे पहले राहुल गांधी रथ की पूजा करने के लिए जगन्नाथ मंदिर जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई झड़प के मामले में गिरफ्तार पांच कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी राहुल गांधी मिलेंगे।

Exit mobile version