Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उद्धव, पवार का केंद्र पर हमला

मुंबई। विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ‘इंडिया’ की मुंबई में होने वाली बैठक से पहले बुधवार को महाराष्ट्र की तीनों विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस की और केंद्र सरकार पर हमला किया। बैठक से एक दिन पहले बुधवार को एनसीपी नेता शरद पवार ने दावा किया कि विपक्ष एक मजबूत विकल्प देगा। उन्होंने कहा- हम परिवर्तन के लिए एक साथ आए हैं। 26 पार्टियों का सम्मेलन कल से शुरू होगा। चुनाव में परिवर्तन के लिए विकल्प जरूरी है। हमारा भरोसा है कि देश को एक बढ़िया विकल्प मिलेगा। 

शिव सेना के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा- हमारा गठबंधन बनते ही सरकार ने गैस के दाम कम कर दिए हैं। देखते जाइए, आगे से फ्री सिलेंडर भी देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- नौ साल से इन्हें बहनों की याद नहीं आई, इस बार रक्षाबंधन का गिफ्ट दे रहे हैं। क्या पहले रक्षाबंधन नहीं मनाया गया था। हमारी विचारधारा अलग-अलग जरूर है, हमारा उद्देश्य एक है, संविधान की रक्षा करना। उद्धव ने कहा- हमारे पास प्रधानमंत्री बनाने के लिए कई नेता हैं, लेकिन भाजपा के पास मोदी के अलावा कोई विकल्प ही नहीं है। 

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भी विपक्षी गठबंधन की जीत का दावा करते हुए कहा- हमारे गठबंधन में 11 मुख्यमंत्री हैं। गठबंधन में शामिल पार्टियों को पिछले चुनाव में 23 करोड़ वोट मिले थे, जबकि भाजपा को 22 करोड़ वोट मिले थे। तब हम अलग-अलग थे, इसलिए भाजपा जीत गई थी।

Exit mobile version