Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘इंडिया’ सही समय पर फैसला लेगा

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजों के एक दिन बाद बुधवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं की एक अहम बैठक दिल्ली में हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई बैठक में कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल हुए। इसमें विपक्षी नेताओं ने आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मीडिया से कहा- ‘इंडिया’ ब्लॉक मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के फासीवादी शासन के खिलाफ लड़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की आकांक्षा है कि भाजपा उनके ऊपर शासन न करे। लोगों की इस आकांक्षा को पूरा करने के लिए ‘इंडिया’ ब्लॉक सही समय पर सही फैसला करेगा।

गौरतलब है कि मंगलवार को नतीजे आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल घटक दलों खास कर टीडीपी और जदयू के नेताओं से बात करने के बारे में फैसला बुधवार को विपक्षी पार्टियों की बैठक में किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार बनाने की पहल करने के बारे में भी बातचीत होगी। तभी ऐसा माना जा रहा था कि बुधवार की बैठक में इस बारे में बातचीत होगी। लेकिन ऐसा लग रहा है कि विपक्षी पार्टियों ने फिलहाल इसे टाल दिया है।

बहरहाल, खड़गे ने कहा- हम बहुत अच्छा और एक साथ लड़े। ‘इंडिया’ गठबंधन उन सभी पार्टियों का स्वागत करता है, जो संविधान में लिखी आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक न्याय की बातों का सम्मान करते हैं। मोदी और उनके तरीके की राजनीति के खिलाफ जनादेश मिला है। व्यक्तिगत रूप से यह उनके लिए बड़ा राजनीतिक नुकसान है। यह उनकी नैतिक हार है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव नतीजों में विपक्षी गठबंधन को कुल 234 सीटें मिली हैं। सरकार बनाने के लिए 272 सांसदों का समर्थन चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर हुई बैठक करीब डेढ़ घंटे चली। इसमें कांग्रेस की ओर से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल हुए। इनके अलावा एनसीपी नेता शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले, डीएमके सुप्रीमो और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के संजय राउत, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी, राजद के तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना, आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा और सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी सहित कई नेता शामिल हुए।

Exit mobile version