Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भारत ने बढ़ाई समुद्र में सुरक्षा

नई दिल्ली। भारत आने वाले व्यापारिक जहाजों पर समुद्र में बढ़ रहे हमलों को देखते हुए भारत ने समुद्री सुरक्षा बढ़ा दी है। भारत ने इसके लिए एक टास्क फोर्स भी तैनात किया है और डिस्ट्रॉयर तैनात किए हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से भारत आ रहे या भारतीय व्यापारिक जहाजों पर ड्रोन से हमले हुए हैं या हेलीकॉप्टर से उतर कर समुद्री लुटेरों ने हमला किया है। इसे देखते हुए भारतीय नौसेना ने उत्तर व मध्य अरब सागर और अदन की खाड़ी में निगरानी बढ़ा दी है।

नौसेना ने बताया कि समुद्री सुरक्षा अभियान चलाने और किसी भी हमले की स्थिति में व्यापारिक जहाजों की मदद करने के लिए नौसेना के टास्‍क ग्रुप को तैनात किया गया है। नौसेना ने कहा कि यह टास्क फोर्स हिंद महासागर में नए सुरक्षा खतरों की जांच के लिए तटरक्षक बल के साथ मिलकर काम कर रहा है। विध्वंसक और फ्रिगेट के अलावा, नौसेना ने मानव रहित हवाई वाहन यानी यूएवी और समुद्री गश्ती विमान भी तैनात किए हैं।

गौरतलब है कि पिछले दिनों एक व्यापारिक जहाज एमवी केम प्लूटो पर भारतीय समुद्र तट से चार सौ किलोमीटर दूर हुए एक ड्रोन हमला हुआ था। एक अन्य जहाज एमवी साईबाबा पर भी हमला हुआ था। व्यापारिक जहाजों पर हाल के हमलों को देखते हुए, नौसेना ने क्षेत्र में अपनी प्रतिरोधक उपस्थिति बनाए रखने के लिए युद्धपोत आईएनएस मोर्मुगाओ, आईएनएस कोच्चि और आईएनएस कोलकाता को तैनात किया है। नौसेना अधिकारियों ने बताया कि लंबी दूरी के समुद्री टोही विमान पी8आई को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा तीन निर्देशित मिसाइल विध्वंसक तैनात किए गए हैं।

Exit mobile version