Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आज लॉन्च होगा सोलर मिशन

बेंगलुरू। चंद्रयान-तीन की सफलता के बाद इसरो अब सोलर मिशन लॉन्च करने वाला है। इसकी उलटी गिनती शुरू हो गई है। शनिवार को सुबह 11 बज कर 50 मिनट पर उसे लॉन्च किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो ने शुक्रवार को दोपहर 12 बज कर 10 मिनट पर सोलर मिशन आदित्य एल1 की लॉन्चिंग का 23 घंटे 40 मिनट का काउंटडाउन शुरू कर दिया। आदित्य एल1 को दो सितंबर की सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर पीएसएलवी एक्सएल रॉकेट के जरिए श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च किया जाएगा।

मिशन की लॉन्चिंग से पहले इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के चेंगलम्मा परमेश्वरी मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना की। इससे पहले सोमवार को इसरो प्रमुख सोमनाथ ने तमिलनाडु के सुल्लुरपेटा में श्री चेंगलम्मा परमेश्वरी मंदिर में पूजा की थी। उन्होंने बताया कि किसी भी मिशन की लॉन्चिंग से पहले इसरो के वैज्ञानिक इस मंदिर में आते हैं। यह पंरपरा पिछले 15 साल से चली आ रही है।

बहरहाल, 30 अगस्त को इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा था कि आदित्य एल1 की लॉन्चिंग की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। रॉकेट और सेटेलाइट तैयार हैं। उन्होंने कहा- हमने लॉन्चिंग के लिए रिहर्सल भी कर ली है। मिशन को सटीक दायरे तक पहुंचने में 125 दिन लगेंगे। वहीं, इसरो ने कहा- व्हीकल के इंटरनल चेक पूरे कर लिए गए हैं। ये करीब चार महीने में पृथ्वी से 15 लाख किलोमीटर दूर लैगरेंज प्वाइंट-1 यानी एल1 प्वाइंट तक पहुंचेगा। आदित्य स्पेसक्राफ्ट, एल1 प्वाइंट के चारों ओर घूमकर सूर्य पर उठने वाले तूफानों को समझेगा।

Exit mobile version