Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

खड़गे की नई टीम का ऐलान

नई दिल्ली। मल्लिकार्जुन खड़गे के अध्यक्ष बनने के करीब 14 महीने बाद कांग्रेस की नई टीम का ऐलान हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पुरानी टीम में ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं। उनकी नई टीम मे 12 महासचिव बनाए गए हैं और 12 प्रभारी महासचिव होंगे। प्रियंका गांधी वाड्रा महासचिव बनी रहेंगी लेकिन उनके पास किसी राज्य का प्रभार नहीं है। उनकी जगह अविनाश पांडे को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को राष्ट्रीय महासचिव बना कर छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है।

तमाम आलोचनाओं के बावजूद केसी वेणुगोपाल कांग्रेस के संगठन महासचिव बने रहेंगे। अजय माकन को कुछ दिन पहले ही कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे भी अपने पद पर बने रहेंगे। उनके साथ दो संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। मिलिंद देवड़ा और विजय इंदर सिंगला संयुक्त कोषाध्यक्ष बने हैं। पहले की तरह जयराम रमेश महासचिव और संचार विभाग के प्रमुख बने रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यालय में काम कर रहे गुरदीप सप्पल को प्रभारी महासचिव बनाया गया है और वे कार्यालय के इंचार्ज होंगे।

केरल कांग्रेस के बड़े नेता रमेश चेन्निथला को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है, जबकि देवेंद्र यादव को पंजाब का जिम्मा दिया गया है। रणदीप सुरजेवाला पहले की तरह कर्नाटक के, सुखजिंदर रंधावा राजस्थान के और दीपक बाबरिया दिल्ली के प्रभारी बने रहेंगे। बाबरिया को हरियाणा का अतिरिक्त प्रभार मिला है। मुकुल वासनिक को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। अविनाश पांडे की जगह झारखंड का प्रभारी जम्मू कश्मीर के नेता जीए मीर को दिया गया है। वे पश्चिम बंगाल के भी प्रभारी रहेंगे।

जितेंद्र सिंह असम के साथ साथ मध्य प्रदेश का भी जिम्मा संभालेंगे। कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ से हटा कर उत्तराखंड का जिम्मा दिया गया है। दीपा दासमुंशी को कई राज्यों के साथ तेलंगाना का भी प्रभारी बनाया गया है। तेलंगाना में कांग्रेस की जीत में भागीदार रहे माणिक राव ठाकरे को गोवा भेज दिया गया है। वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश को बिहार का नया प्रभारी बनाया गया है।

इससे पहल कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र समिति का भी गठन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम इसके अध्यक्ष बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव कमेटी के संयोजक होंगे। 16 सदस्यों की इस कमेटी में प्रियंका गांधी वाड्रा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, जयराम रमेश और शशि थरूर भी शामिल रहेंगे। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई आदि भी शामिल किए गए हैं। इससे भी पहले कांग्रेस ने मंगलवार को राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन की बातचीत करने के लिए एक कमेटी बनाई थी। मुकुल वासनिक उसके संयोजक बनाए गए हैं। अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, सलमान खुर्शीद और मोहन प्रकाश उसके सदस्य हैं।

Exit mobile version