Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

खड़गे ने बनाई कार्य समिति

नई दिल्ली। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष बनने के 10 महीने के बाद आखिरकार कांग्रेस कार्य समिति का गठन कर दिया है। कार्य समिति के सदस्यों का चुनाव कराए जाने के तमाम अनुमानों को गलत साबित करते हुए खड़गे ने सभी सदस्यों को खुद मनोनीत किया और पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी की जयंती के दिन इसकी घोषणा कर दी। कार्य समिति में खड़गे ने 23 की जगह 39 सदस्य बनाए हैं, जिनमें से सिर्फ तीन की उम्र 50 साल से कम है।  गौरतलब है कि कांग्रेस के उदयपुर के नवसंकल्प शिविर के बाद से दावा किया जा रहा था कि आधे पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को दिए जाएंगे।

बहरहाल, खड़गे ने कार्य समिति में सोनिया व राहुल गांधी और मनमोहन सिंह, एके एंटनी सहित तमाम पुराने नेताओं को जगह दी है। कुछ युवा नेताओं को विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है कुछ युवा नेता अनुषंगी संगठनों का प्रमुख होने की वजह से सीडब्लुसी के पदेन सदस्य बने हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कुल मिला कर कार्य समिति में 84 नेताओं को जगह दी है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कार्य समिति के 39 सदस्यों के अलावा 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं और नौ विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। चार नेता कांग्रेस के अग्रिम संगठनों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवा दल के अध्यक्ष के नाते पदेन सदस्य हैं। इतनी भारी भरकम कार्य समिति बनाए जाने के बावजूद नेताओं की निराशा सामने आने लगी है। विभाकर शास्त्री ने ट्विट करके कहा कि उनकी तपस्या में कमी रह गई। गौरतलब है कि वे कार्य समिति में जगह मिलने की उम्मीद कर रहे थे।

बहरहाल, अध्यक्ष बनने के 10 महीने बाद खड़गे की बनाई कार्य समिति में सोनिया व राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी वाड्रा को भी जगह मिली है। खड़गे ने कांग्रेस के चारों मुख्यमंत्रियों में से किसी को कार्य समिति का सदस्य नहीं बनाया है। पार्टी के पुराने नेताओं में एके एंटनी, मीरा कुमार, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम, अंबिका सोनी आदि सदस्य बनाए गए हैं। कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाने वाले जी-23 के नेताओं में से आनंद शर्मा और शशि थरूर को सदस्य बनाया गया है। मनीष तिवारी स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं।

कार्य समित के कुल 39 सदस्यों में से सिर्फ तीन सदस्य- सचिन पायलट, गौरव गोगोई और कमलेश्वर पटेल ही 50 साल से कम उम्र के हैं। कांग्रेस कार्य समिति में जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है उनमें सचिन पायलट का भी नाम है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के तीन साल बाद उनको कांग्रेस संगठन में जगह मिली हैं। कार्य समिति की घोषणा होने के बाद पायलट ने ट्विट करके सोनिया व राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का आभार जताया।

Exit mobile version