Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मनु भाकर ने दिलाया पहला पदक

Manu Bhakar won

पेरिस। पेरिस ओलंपिक्स में भारतीय शूटर मनु भाकर ने पदक जीत कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने विमेंस 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक जीता। ओलंपिक के इतिहास में शूटिंग में मेडल दिलाने वाली मनु पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने फाइनल में 221.7 अंक के साथ कांस्य जीता। 2021 के टोक्यो ओलंपिक में मनु की पिस्टल खराब हो गई थी। 20 मिनट तक वे निशाना नहीं लगा पाईं। पिस्टल ठीक हुई, तब भी मनु सिर्फ 14 शॉट लगा पाईं और फाइनल की रेस से बाहर हो गईं थीं।

तीन साल के बाद मनु ने वापसी की और शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को पेरिस ओलंपिक का पहला पदक दिलाया। मनु जिस इवेंट में कांस्य पदक जीतीं उसमें कोरिया की ओह ये जिन ने गोल्ड जीता। उन्होंने 243.2 अंक स्कोर करके ओलंपिक का नया रिकॉर्ड बनाया। कोरिया की ही किम येजी ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 241.3 अंक बनाए। मनु भाकर ने भारत को ओलंपिक में 12 साल बाद शूटिंग का मेडल दिलाया है। भारत को इस खेल में आखिरी ओलंपिक मेडल 2012 में मिला था। यह शूटिंग में भारत का अब तक का पांचवां मेडल है। राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 2004 में रजत, अभिनव बिंद्रा ने 2008 में स्वर्ण और 2012 में विजय कुमार ने रजत और गगन नारंग ने कांस्य पदक जीता था।

बहरहाल, जीत के बाद मनु ने कहा- मैं गीता बहुत पढ़ती हूं। इससे फोकस करने में मदद मिलती है। आज के मैच में मैंने आखिर तक टारगेट पर फोकस किया। मैं खुश हूं। भारत इससे ज्यादा डिजर्व करता है। उम्मीद है कि बाकी इवेंट में भारत और मेडल जीतेगा। मनु भाकर के कांस्य पदक जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन करके बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा- आपकी सफलता से आनंदित हूं। आगे और अच्छा करेंगी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- यह एक खास जीत है। मनु भाकर शूटिंग में मेडल जीतने वाली पहली महिला बनी हैं…शानदार उपलब्धि।

Exit mobile version